आग लगने से पहले ही निकल गया था चालक, हेल्पर पहले ही खिड़की से कूद गया था
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर फ्लाईओवर से केमिकल से भरा कंटेनर शुक्रवार को दोपहर साढ़े 12 बजे अनियंत्रित होकर 30 फीट नीचे गिर गया। इससे कंटेनर में आग लग गई। दमकल विभाग की तीन गाड़ियों ने दो से तीन घंटे में आग को काबू किया। वहीं कंटेनर के चालक और हेल्पर घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उत्तर प्रदेश के कैसरगंज निवासी चालक शादाब और उनके मौसेरे भाई दिल्ली के साहिल कंटेनर में थे। साहिल ट्रक के नीचे गिरने से पहले ही खिड़की से कूद गया था। कंटेनर मुंबई से दिल्ली की तरफ जा रहा था। गांव अलीपुर के पास सोहना-गुरुग्राम एलिवेटेड रोड पर गोलचक्कर पर अनियंत्रित हो गया। वह सुरक्षा दीवार से टकराते हुए करीब 30 फीट जमीन पर गिर गया।
कंटेनर चालक खिड़की से किसी तरह बाहर निकल गया। गोलचक्कर के नीचे जा रहे कार चालक ने ट्रक व चालक को नीचे गिरते देखा। उसने चालक को सोहना के नागरिक अस्पताल में दाखिल कराया। शादाब को हालत गंभीर होने के कारण गुरुग्राम के लिए रेफर कर दिया गया।