गुरुग्राम। सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल की नई इमारत का निर्माण करीब 90 करोड़ रुपये की लागत से वर्ष 2024 के जनवरी में पूरा होना था लेकिन यह काम अब तक अधूरा है। चार मंजिलें तैयार हो चुकी हैं जबकि पांचवीं मंजिल का निर्माण कार्य जुलाई में शुरू होने की उम्मीद है। पांचवीं मंजिल पर आईसीयू का निर्माण होना है।
पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के अनुसार करीब ढाई महीने पहले मुख्यालय को अलॉटमेंट संबंधी अनुमति के लिए प्रस्ताव भेजा गया था। अब मुख्यमंत्री की अध्यक्षता वाली हाई पर्चेज कमेटी की अगली बैठक में मंजूरी मिलने की उम्मीद है। मंजूरी मिलते ही कार्य फिर शुरू किया जाएगा। वर्तमान में पुरानी इमारत में जगह की भारी कमी है। रोजाना अस्पताल की ओपीडी में 2300 से 2400 मरीज पहुंचते हैं, जिनमें 100 से 150 गंभीर स्थिति में होते हैं। नई इमारत बनने से ओपीडी, वार्ड और अन्य विभागों के स्थानांतरण से पुराने भवन पर बोझ कम होगा। नागरिक अस्पताल के पीएमओ डाॅ. लोकवीर ने बताया कि निर्माण के लिए संबंधित विभाग से लगातार बातचीत जारी है। संवाद