समस्याओं को लेकर जल्द बड़े स्तर पर प्रदर्शन की तैयारी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। शहर में जलभराव, टूटी सड़कों और गंदगी की समस्या को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (ग्रामीण) वर्धन यादव ने कहा कि हाल में हुई बारिश के दौरान शहर में जलभराव को लेकर सरकार और स्थानीय नेताओं के सभी दावे फेल साबित हुए। लोगों को घंटों पानी में फंसे रहना पड़ा। कई जगहों पर जलभराव से निकलने के लिए लोगों को ट्रैक्टर तक का सहारा लेना पड़ा। कांग्रेस इन समस्याओं को लेकर जल्द बड़े स्तर पर प्रदर्शन करने की तैयारी कर रही है।
वर्धन यादव ने कहा कि मानसून से पहले सरकार और स्थानीय नेताओं की ओर से शहर में जलभराव की समस्या कम होने के दावे किए गए थे। मंत्री राव नरबीर सिंह ने जीएमडीए और नगर निगम के अधिकारियों के साथ कई बैठकें कर जलभराव की समस्या दूर करने के लिए कई दावे किए थे। इसके बावजूद हाल की बारिश में शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। उन्होंने कहा कि जलभराव के साथ शहरवासी टूटी सड़कों और गंदगी की समस्या से भी परेशान हैं। वर्धन यादव ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार को 12 वर्ष हो चुके हैं। इसके बावजूद गुरुग्राम में जलभराव जैसी समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। मुख्यमंत्री खुद गुरुग्राम की जिला ग्रीवेंस कमेटी के अध्यक्ष होने के साथ जीएमडीए के चेयरपर्सन भी हैं। इसके बावजूद शहर के लोग जाम, जलभराव, गंदगी और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं से जूझ रहे हैं। कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर जल्द ही बड़े स्तर पर प्रदर्शन करेगी।