30 अप्रैल तक पूरा करें फेज-1 का निर्माण कार्य
गुरुग्राम। सेक्टर-89 स्थित ग्रेनोपोलिस परियोजना के बिल्डर को 30 अप्रैल से पहले फेज-1 के निर्माण कार्य को पूरा करना होगा। तय अवधि तक निर्माण कार्य पूरा न होने पर परियोजना के प्रमोटर थ्री सी शेल्टर पर प्रतिदिन के हिसाब से एक करोड़ रुपये जुर्माना लगाया जाएगा। उक्त आदेश बृहस्पतिवार को हरियाणा भू संपदा विनियामक प्राधिकरण की पीठ ने ग्रेनोपोलिस परियोजना के बिल्डर को दिए।
हरेरा ने परियोजना का निर्माण कार्य एक फरवरी से शुरू करने का आदेश दिया है। इतना ही नहीं ग्रेनोपोलिस परियोजना के सभी बिल्डरों को एक सप्ताह के अंदर व्यक्तिगत खाते की जानकारी देने का आदेश दिया गय है। जबकि आगामी तीन फरवरी को होने वाली अगली सुनवाई पर सभी बिल्डरों को हरेरा में मौजूद रहना होगा। ऐसा न होने पर अनुपस्थित बिल्डर के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया जाएगा। बृहस्पतिवार को सुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में निवेशक मौजूद रहे।
--------
बिल्डर ने हरेरा के आदेश को दी थी चुनौती
उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों हरेरा ने ग्रेनोपोलिस परियोजना का निर्माण पूरा करने के लिए परियोजना के प्रमोटर ओरिस इन्फ्रा की 10 एकड़ जमीन जब्त करने समेत कुछ बिंदुवार आदेश दिए थे। हरेरा के आदेश को परियोजना के प्रमोटर थ्री सी व ओरिस इन्फ्रास्ट्रक्चर ने हरेट में चुनौती दी थी, जिस पर सुनवाई करते हुए हरेट ने हरेरा के फैसले को सही ठहराते हुए उक्त दोनों बिल्डरों को जल्द से जल्द परियोजना को पूरा कराने का आदेश दिया था। अपने आदेश में हरेट ने स्पष्ट किया था कि हरेरा की तरफ से लिया गया निर्णय निवेशकों के हित में है, जिसे मानने के अलावा बिल्डरों के पास कोई विकल्प नहीं है।
---------
यह है मामला :
ग्रेनोपोलिस परियोजना सेक्टर-89 में निर्माणाधीन है, जिसके निर्माण कार्यों में हीलाहवाली व हरेरा का निर्देशों की अवहेलना के आरोप में ओरिल इंफ्रा को नोटिस दी गई है। हयातपुर गांव की 47.218 एकढ़ पर निर्माणाधीन ग्रेनोपोलिस परियोजना का निर्माण कार्य 2011 में शुरू हुआ था। योजना के मुताबिक 1862 यूनिट की परियोजना का निर्माण कार्य पूरा कर निवेशकों को 2015 में कब्जा दिया जाना था। इसी योजना के आधार पर बिल्डर ने 1650 यूनिट की एडवांस बुकिंग के एवज में निवेशकों से 776.67 करोड़ रुपये वसूल लिए, लेकिन तय अवधि तक बिल्डर आधा निर्माण कार्य भी पूरा नहीं कर सका। इसके बाद खरीदारों द्वारा बनाई गई ग्रेनोपोलिस वेलफेयर एसोसिएशन ने जुलाई 2018 में हरेरा की शरण ली।