वाउचर्स को ट्रांसफर करके गोल्ड कॉइन खरीदे
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। साइबर अपराध थाना पूर्व की पुलिस ने धोखाधड़ी करके अमेजन वैलेट से वाउचर निकालकर ठगी करने के मामले में एक आरोपी को शनिवार को गिरफ्तार किया। अमेजन कस्टमर सर्विस प्रोवाइडर कंपनी के कर्मचारी ने अपने अमेजन वैलेट में वाउचर्स को ट्रांसफर करके वाउचर्स से गोल्ड कॉइन खरीदे थे। पुलिस ने आरोपी को दो दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ की और एक मोबाइल भी बरामद किया।
आरोपी की पहचान जयपुर (राजस्थान) के कंवर नगर निवासी योगेश कुमार (23) के रूप में हुई है। आगामी कार्रवाई के लिए आरोपी को शनिवार को अदालत में पेश करके दो दिन के रिमांड पर लिया और पूछताछ की गई। आरोपी योगेश कुमार ने बताया कि वह अमेजन कंपनी के कस्टमर को सर्विस प्रोवाइड कराने वाली पेरेंट कंपनी में असिस्टेंट के पद पर कार्य करता है। उसने मामले में शिकायतकर्ता के अमेजन वैलेट से 2.73 लाख रुपये के वाउचर्स को अपने अमेजन वैलेट में ट्रांसफर करके उनको अमेजन एप के माध्यम से कल्याण ज्वेलर्स के गोल्ड कॉइन खरीदकर उनको रिडीम कर लिया। इन गोल्ड कॉइन को 1.15 लाख रुपये में बेच दिया था।
बता दें कि 24 जुलाई को एक महिला ने साइबर अपराध थाना पूर्व में दी शिकायत में बताया कि उसके अमेजन अकाउंट को होल्ड करके व अमेजन वैलेट से 2.73 लाख रुपये कीमत के वाउचर निकालकर ठगी की गई है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज करके छानबीन की गई। मामले में अमेजन कस्टमर सर्विस प्रोवाइडर कंपनी के कर्मचारी को गिरफ्तार किया है।