गुरुग्राम। डीएलएफ फेज-1 के ब्रिस्टल चौक स्थित वाका-वाका नाइट क्लब में शुक्रवार तड़के मामूली विवाद के बाद बाउंसरों ने तीन युवकों को पीट डाला। घायलों में दो सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हैं। एक युवक के होंठ पर गहरा घाव हुआ है। उसे छह टांके आए हैं। घायलों की पहचान सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर राहुल वर्मा, उनके भाई हिमांशु वर्मा और दोस्त अंशुल के रूप में हुई है। तीनों बृहस्पतिवार रात करीब 11 बजे पांच दोस्तों के साथ क्लब गए थे।
शुक्रवार तड़के दो से ढाई बजे के बीच विवाद हुआ। इसके बाद क्लब प्रबंधन ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। घायल युवक अपनी कार से नागरिक अस्पताल पहुंचे और उपचार कराया। हिमांशु ने आरोप लगाया कि बाउंसरों ने उन्हें और उनके भाई को लात-घूसों से पीटा। उन्होंने बताया कि पेट, चेहरे और संवेदनशील अंगों पर कई वार किए। क्लब के एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि युवकों को बार-बार व्यवहार ठीक रखने को कहा गया था। उनके मुताबिक, नशे में धुत युवकों ने कर्मचारियों से दुर्व्यवहार किया, जिसके बाद उन्हें बाहर निकालने की कोशिश में मारपीट हुई। डीएलएफ फेज-1 थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि क्लब प्रबंधन की ओर से शिकायत मिली है। हालांकि, घायलों की ओर से अभी तक लिखित शिकायत नहीं दी गई है। शिकायत मिलने पर एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई होगी और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जाएगी।