सेक्टर-46, 39, 40, 60 और 61 में डिसिल्टिंग अभियान, सीसीटीवी से हो रही निगरानी
संवाद न्यूज एजेंसी
बादशाहपुर। मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से निपटने के लिए प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। शहर को बाढ़ से बचाने के लिए अहम कदम उठाते हुए विभिन्न सेक्टरों में बड़े पैमाने पर नालों की सफाई का कार्य किया गया है।
सेक्टर-46, 39, 40, 60 और 61 की डिवाइडिंग सड़कों पर स्थित करीब 5.5 किलोमीटर लंबे नालों से गाद निकालने का काम पूरा कर लिया गया है। इस अभियान के तहत नालों में जमा गाद कचरा और अन्य अवरोधों को हटाया गया है, जिससे उनकी जल निकासी क्षमता को पूरी तरह बहाल किया जा सके। अधिकारियों का कहना है कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य भारी बारिश के दौरान पानी के सुचारू और बाधारहित प्रवाह को सुनिश्चित करना है ताकि सड़कों पर जलभराव की स्थिति न बने और आमजन को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। वहीं नालों की सफाई के पूरे कार्य की सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है। इससे यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सभी कार्य पारदर्शिता के साथ पूरे हों।