गुरुग्राम। सेक्टर-52 क्षेत्र में बनी झुग्गी के बाहर लोहे की सीढ़ी में उतरे करंट की चपेट में आने से सात वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-53 थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
बच्चे की मौत के मामले में काेई संदिग्ध बात सामने नहीं आई है। पुलिस ने बुधवार को बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मृत बच्चे की पहचान पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर निवासी फिरोज शेख (7) के रूप में हुई है। उसका परिवार पिछले करीब चार साल से सेक्टर-52 की झुग्गियों में रह रहा है। फिरोज माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके पिता पलटू शेख हाउसकीपिंग का काम करते हैं। जांच अधिकारी हरीश ने बताया कि बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच की जा रही है। ब्यूरो