बादशाहपुर। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता, गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए), हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) व बिजली विभाग की संयुक्त टीम ने सेक्टर-69 इलाके में बुधवार को बिजली चोरी का पर्दाफाश किया। उक्त इलाके में एसपीआर रोड पर स्थित ग्रीड पावर हाउस के सामने जीएमडीए की ग्रीन बेल्ट पर अवैध तरीके से कब्जा कर दुकान बनाकर उसके संचालक व नर्सरी के मालिक बिजली चोरी कर रहे थे। बिजली चोरी करने वालों में अधिकांश उत्तर प्रदेश के मूल निवासी हैं, जिन्होंने अवैध तरीके से झुग्गियां भी बना रखी थीं।
बिजली विभाग के एसडीओ की शिकायत पर 18 लोगों के खिलाफ बादशाहपुर थाने में मामला दर्ज किया गया है। इनमें विजय सिंह निवासी गांव गढ़ जिला आगरा यूपी, बाबूलाल प्रजापत निवासी गांव फिरोजपुर झिरका हरियाणा, जय शिवकांत निवासी पुरी नगर आगरा यूपी, मोहम्मद चांद निवासी किछोड़ा जिला अंबेडकरनगर यूपी, सोनू निवासी कुसायनी भोडेला जिला फिरोजाबाद यूपी, कृष्ण कुमार निवासी जैकमपुरा गुरूग्राम, धन सिंह निवासी गांव शाहपुर जिला धौलपुर राजस्थान, योगेंद्र निवासी पंडा खेडा जिला उन्नाव यूपी, कपिल खान निवासी सैंता जिला उन्नाव यूपी, जितेंद्र निवासी गांव जिराजपुर जिला बुलंदशहर यूपी, शिवाज निवासी गांव जिराजपुर जिला बुलंदशहर यूपी, वीरेंद्र निवासी फैजलपुर जिला आगरा यूपी, राजकुमार, राजेंद्र निवासी फिरोजपुर झिरका, सतबीर निवासी अनूप नगर इटावा यूपी, विजय निवासी रामबीर की ढाणी गुरुग्राम, योगेश निवासी फैजयतपुर जिला आगरा यूपी व बंशी निवासी धौलपुर राजस्थान के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मौके पर पहुंचे जीएमडीए के अधिकारियों ने आरोपियों को 7 दिन के अंदर ग्रीन बेल्ट को खाली करने के लिए नोटिस भी दिया। तय समय में अवैध कब्जा न हटाने पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।