एक सप्ताह बाद गोली मारने की दी धमकी, पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू की
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। दिल्ली में हुए विवाद की शिकायत वापस लेने को लेकर बाइक सवार युवकों द्वारा महिला को जान से मारने की धमकी देने और उस पर ज्वलनशील कैमिकल फेंकने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने महिला से कहा कि यह तो ट्रेलर है, शिकायत वापस नहीं ली तो एक सप्ताह में गोली मार दी जाएगी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस केस दर्ज कर छानबीन कर रही है।
पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर-42 के सुजान विहार में रहने वाली पूनम यादव ने कहा कि वह करीब पौने छह बजे पॉवर ग्रिड के निकट हनुमान मंदिर से अपने घर की ओर आ रही थी। इसी दौरान बाइक पर दो युवकों ने रास्ता पूछने के बहाने रोका। इसके बाद उन्होंने धमकी दी कि राकेश बाबूजी और अशोक बाबूजी के खिलाफ जो शिकायत थाना पश्चिम विहार दिल्ली में दी है उसे वापस ले लो, अन्यथा ये तो ट्रेलर है, एक हफ्ते बाद गोली लगेगी। इसके बाद आरोपी युवक ने कोई बदबूदार केमिकल महिला पर डाल दिया। जिसमे अजीब सी गंध आ रही थी, लेकिन कपड़े नहीं जले। जबकि महिला के शरीर में जलन होने लगी। पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। वहीं आरोपी युवकों की पहचान के लिए पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाल रही है।