गुरुग्राम। पूरे जिले में बृहस्पतिवार सुबह से ही जमकर बादल बरसे। बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक बारिश की संभावना बनी हुई है। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस रहा। दो डिग्री तक तापमान में गिरावट दर्ज की गई। गुरुग्राम में 18 मिमी, वजीराबाद में 27 मिमी, सोहना में सर्वाधिक 57 मिमी, मानेसर में 14 मिमी, पटौदी में 11 मिमी और फर्रुखनगर में 17 मिमी वर्षा दर्ज की गई। उप-तहसील कादीपुर व हर्षारू में 26-26 मिमी तथा बादशाहपुर में 15 मिमी बारिश हुई। संवाद
सोहना में दुकानों और बेसमेंट में पानी घुसा
सोहना। कस्बे की मुख्य व आंतरिक सड़कें जलमग्न हो गईं और कई स्थानों पर दुकानों व बेसमेंट में पानी घुस गया। अस्पताल मार्ग, चुंगी नंबर एक, बस स्टैंड मार्ग व तिकोना पार्क क्षेत्र में पानी निकासी का स्थायी प्रबंध न होने से नागरिकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। वहीं, मार्किट कमेटी की लापरवाही से अनाज मंडी के खुले नालों में कई वाहन गिर गए, जिन्हें जेसीबी की मदद से निकाला गया। नगरपरिषद ईओ सुमनलता का कहना है कि बरसाती पानी एक से डेढ़ घंटे में निकल जाता है और सफाई व निकासी पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। संवाद