-पुलिस ने चालकों पर लगाया 8.23 करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। यातायात पुलिस ने सितंबर में बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 82,396 चालकों के चालान काटकर 8,23,96,000 रुपये का जुर्माना लगाया।
पुलिस ने एक से 30 सितंबर तक बिना हेलमेट के कुल 82,396 चालान किए। इनमें चालक के बिना हेलमेट वाहन चलाने के 42,066 चालान काटे गए और 4,20,66,000 रुपये जुर्माना लगाया गया। वहीं, दोपहिया वाहन पर पीछे बैठे व्यक्ति के बिना हेलमेट होने पर 40,330 चालान काटे गए और 4,03,30,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। यातायात पुलिस प्रवक्ता विकास वर्मा ने बताया कि दोपहिया वाहनों पर बिना हेलमेट चलने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने की अपील की।