-ग्राम पंचायतों में मनरेगा एवं जिला परिषद की योजनाओं के कामों को गुणवत्ता से करने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। जिला परिषद के माध्यम से जिले में चल रहे विकास कार्यों का बुधवार को जिला परिषद नूंह के चेयरमैन जान मोहम्मद तथा अतिरिक्त उपायुक्त-सह-मुख्य कार्यकारी अधिकारी, डीआरडीए एवं जिला परिषद ज्योति द्वारा विभिन्न ग्राम पंचायतों में मनरेगा एवं जिला परिषद योजनाओं के अंतर्गत करवाए जा रहे विकास कार्यों का संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान नागीना खंड की ग्राम पंचायत भादस, अटेरना एवं समसाबाद, पिनगवां खंड की ग्राम पंचायत पिनगवां एवं लहाबास तथा पुन्हाना खंड की ग्राम पंचायत बीसरू, मुबारिकपुर एवं फरदड़ी का दौरा किया गया। इस दौरान मनरेगा एवं जिला परिषद योजनाओं के तहत निर्मित एवं प्रगतिशील विकास कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति और उपयोगिता का विस्तृत अवलोकन किया गया।
चेयरमैन जान मोहम्मद एवं एडीसी ज्योति ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है तथा विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान कार्य स्थलों पर उपलब्ध सुविधाओं, श्रमिकों की उपस्थिति, कार्यों की प्रगति तथा निर्मित परिसंपत्तियों के रख-रखाव की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।