गुरुग्राम। मानेसर में कासन रोड स्थित एक एटीएम से रुपये निकालने गए युवक से कार्ड बदलकर भाग रहे दो ठगों में से एक को पकड़ लिया गया, दूसरा फरार हो गया। आरोपी को पुलिस को सौंप दिया गया है।
मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया के रहने वाले नितेश कुमार ने पुलिस को बताया कि मानेसर में वह एक प्राइवेट कंपनी में काम करता है। शुक्रवार दोपहर यहां कासन रोड स्थित एटीएम से रुपये निकालने गया था। जब वह पांच हजार रुपये निकाल रहा था, उस वक्त पीछे दो युवक आकर खड़े हो गए। उनमें से एक ने मशीन से कार्ड निकालकर बड़ी चतुराई से उसे दूसरे कार्ड से बदलकर वापस कर दिया। इसके बाद दोनों युवक वहां से तेजी से जाने लगे। नितेश ने शोर मचाकर उनका पीछा किया और उनमें से एक को पकड़ लिया। मौके पर भीड़ ने आरोपी की पिटाई भी कर दी। इस बीच पुलिस भी आ गई। भीड़ ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में उसने अपना नाम सलीम निवासी गांव पचानका, पलवल बताया है। पुलिस का कहना है कि केस दर्ज कर आरोपी के साथी की तलाश की जा रही है।