छात्राओं ने देर रात तक कॉल और मैसेज करने का लगाया था आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गुड़गांव गांव स्थित राजकीय स्कूल की नौंवी कक्षा के तीन छात्राओं की ओर से संगीत के शिक्षक पर लगाए आरोप के मामले में महिला थाना पश्चिम में एफआईआर दर्ज हुई है। अदालत में तीनों छात्राओं के बयान दर्ज करवाने के बाद उनके बयान के आधार पर मामला दर्ज करके आगामी कार्रवाई की जा रही है।
बता दें कि कुछ दिन पहले गुड़गांव गांव स्थित राजकीय स्कूल की तीन छात्राओं ने संगीत के शिक्षक के खिलाफ खंड शिक्षा अधिकारी को शिकायत दी थी। छात्राओं का आरोप था कि शिक्षक रिंकू कोहली देर रात तक उनको मैसेज और कॉल करते हैं। यही नहीं, वह छात्राओं को कॉल कर फेल करने की धमकी भी देते हैं। इस संबंध में पाॅक्सो कमेटी का गठन किया गया था और मामले की जांच करवाई गई थी। गुरुग्राम पुलिस ने भी अपने स्तर पर मामले की जांच की थी।
वर्जन
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि मामले में तीनों छात्राओं के अदालत में बयान दर्ज करवाए गए हैं। छात्राओं के बयान में इस तरह की कोई बात सामने नहीं आई है कि पॉक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की जाए। फिलहाल महिला थाना पश्चिम में एफआईआर दर्ज करके आगामी जांच व कार्रवाई की जाएगी।