ताकत के बल पर कब्जा, गेहूं की फसल काटी और दी जान से मारने की धमकी
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। जमीन के मालिकाना हक को लेकर उपजे विवाद में एक व्यक्ति की 18 कनाल 19 मरला जमीन पर कब्जा करने और उसकी गेहूं की फसल जबरन काटने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने 12 नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। एफआईआर में पीड़ित ने आरोप लगाया है कि दबंगों ने ताकत के बल पर खेत में घुसकर फसल काटी और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बिमलेश और जयकिशन ने पुलिस अधीक्षक पलवल को दी शिकायत में बताया कि वे बागपुर कलां की 18 कनाल 19 मरला जमीन के मालिक हैं, जिसका दाखिल खारिज भी नंबर 4225 के तहत हो चुका है। उन्हें तहसीलदार पलवल और गिरदावर की उपस्थिति में पुलिस बल द्वारा दिनांक 28 नवंबर 2024 को मौके पर कब्जा दिलाया गया था। शिकायत में कहा गया है कि उन्होंने इस जमीन में गेहूं की फसल बोई थी जो पककर तैयार हो चुकी थी। आरोप है कि गांव के जयकिशन समेत 11 अन्य लोगों ने जबरन कब्जा करने की नीयत से 12 फरवरी 2025 को मकान की नींव खोदनी शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने झगड़ा किया और जान से मारने की धमकी दी। पहले इस घटना पर राजीनामा कर लिया गया था, लेकिन बाद में आरोपी चोरी-छिपे गेहूं की फसल काटकर ले गए। शिकायत के अनुसार जयकिशन, धर्मवीर, जीता, अशोक, जसवंत, सतपाल, भोला, राजू , दुल्ली , टेकचंद और ओमप्रकाश को आरोपियों बनाया गया है।