बुधवार को प्रेमपुरी झाड़सा के निवासियों ने लगाया था जाम
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सदर थाना क्षेत्र में पानी की मांग को लेकर जाम लगाने पर पुलिस ने 20 से ज्यादा लोगों के खिलाफ अलग-अलग धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार गर्मी बढ़ने के साथ ही शहर में पानी की किल्लत भी बढ़ती जा रही है। लोगों को बिजली कटौती का दंश झेलने के साथ ही पाीन के संकट से भी जूझना पड़ रहा है। अपनी शिकायतों को लेकर लोग जब प्रशासनिक अधिकारियों के पास जा रहे हैं तो उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही।
इसी से खफा होकर बुधवार को प्रेमपुरी झाड़सा के निवासी सड़कों पर उतर आए और उन्होंने जाम लगा दिया। इस कारण काफी देर तक यातायात बाधित रहा। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस के अंतर्गत आने वाली झाड़सा चौकी से पुलिस मौके पर पहुंच गई। उन्होंने लोगों को सड़क से हटने की अपील की, लेकिन लोगों ने एक न सुनी। लोगों का कहना था कि जब तक उन्हें पेयजल किल्लत से छुटकारा नहीं दिलाया जाता तब तक वह सड़क से नहीं हटेंगे। पुलिस ने स्थिति बिगड़ती देखकर मामूली बल प्रयोग करते हुए लोगों को सड़क से हटाया।
इस मामले में बृहस्पतिवार को पुलिस हेड कांस्टेबल संदीप की शिकायत पर 20 से ज्यादा लोगों के खिलाफ एकत्र होकर सड़क पर जाम लगाने, सरकारी काम में बाधा डालने और वाहनों को अवरुद्ध करने से संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
.............
मयंक