गुरुग्राम। जिले के लोगों की आंखों की देखभाल के बारे में जागरूक करते हुए इनसे संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए कैंपेन आई केयर गुरुग्राम मुहिम की शुरुआत की गई है। इसके तहत नेत्र जांच के लिए जिले में 15 फरवरी से निशुल्क शिविर लगाए जाएंगे। मंडलायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में उक्त निर्णय लिया गया। बैठक में जिला उपायुक्त डॉक्टर यश गर्ग भी मौजूद रहे।
मंडलायुक्त ने कहा कि मुहिम के तहत अलग-अलग स्थानों पर शिविर लगाकर लोगों की आंखों की निशुल्क जांच करके निशुल्क इलाज भी किया जाएगा। इसी क्रम में पहला शिविर 15 फरवरी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में लगाया जाएगा। इसके बाद अगला शिविर 17 फरवरी को गांव वजीराबाद के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में लगाया जाएगा। मंडल आयुक्त ने लोगों से शिविर में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। जांच के उपरांत जिन्हें चश्मा की जरूरत होगी उन्हें चश्मा दिया जाएगा और जिन्हें ऑपरेशन की जरूरत होगी उनका आधुनिक तकनीक से ऑपरेशन किया जाएगा।
आंखों की बीमारी से मुक्त करना है लक्ष्य
मंडल आयुक्त ने कहा कि जिले में अगले 11 महीनों में एक लाख से अधिक लोगों के नेत्र जांच का लक्ष्य रखा गया है। इस अभियान का लक्ष्य केवल जांच करना ही नहीं है बल्कि आंखों को बीमारी से मुक्त करना है। उन्होंने बताया कि शिविर में विशेष तौर पर रिफ्रेक्टिव एरर, कैट्रैक्ट, ग्लूकोमा, अंबल्योपिया, डायबिटीज रेटिनोपैथी जैसी बीमारियों की जांच की जाएगी। अभियान के तहत नेत्र जांच के साथ ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर आदि की भी जांच की जाएगी। अभियान को सफलतापूर्वक चलाने के लिए आशा कार्यकर्ता और आंगनबाड़ी वर्कर, नगर निगम पार्षदों तथा आरडब्ल्यूए का भी सहयोग लिया जाएगा।