- प्रॉपर्टी टैक्स की शिकायतों के समाधान के लिए गुरुग्राम नगर निगम ने लगाए कैंप
- 2.30 लाख रुपये टैक्स जमा, 105 संपत्तियों के ब्योरे में गड़बड़ी की गई दूर
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम।
नगर निगम ने शनिवार को प्रॉपर्टी टैक्स से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए शहर में तीन जगह कैंप लगाए। इनमें 200 से ज्यादा लोगों ने अपनी समस्याओं का समाधान कराया और 2.30 लाख रुपये का टैक्स जमा किया।
शनिवार को गुरुग्राम नगर निगम ने चकरपुर गांव, एस्टर गार्डन और मालिबू टाउन में प्रापर्टी टैक्स के लिए कैंप लगाए। इनमें 105 लोगों ने प्रॉपर्टी टैक्स डाटा में सुधार के लिए आवेदन किया। टैक्स जमा करने में आ रही दिक्कतों को कैंप में दूर किया गया, वहीं मौके पर ही 2.30 लाख रुपए का टैक्स जमा किया गया। लोगों ने पानी के कनेक्शन से जुड़ी जानकारी भी ली, ताकि वाटर टैक्स और इससे जुड़ी अन्य शंकाओं का समाधान हो सके।
नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने बताया कि नगर निगम के इन कैंप में लोग अपने टैक्स ब्योरे में किसी भी गड़बड़ी को दूर करा सकते हैं। स्व प्रमाणित प्रक्रिया को भी सरलता से पूरा कर सकते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वह ज्यादा से ज्यादा इन कैंप में आएं और अपने घर के पास ही निगम की सुविधाओं का लाभ उठाएं। नगर निगम के सोशल मीडिया प्लेटफाॅर्म पर और समाचार पत्र में इनकी जानकारी दी जाएगी।