अहीर वोट साधने का है जिम्माए गुरुग्राम उद्योग क्षेत्र मेंं मधुबनी के बहुत से श्रमिक
मयंक तिवारी
गुरुग्राम। बिहार चुनाव में हरियाणा का अहम योगदान रहेगा। प्रदेश सरकार की ओर से कैबिनेट मंत्री राव नरबीर को मधुबनी जिले का प्रभारी बनाया गया है। जिनको अहीर वोट साधने की जिम्मेदारी दी गई है। सोहना से विधायक तेजपाल तंवर ने भी बिहार में ही डेरा डाल रखा है। भाजपा विधायकों की विधानसभा क्षेत्र के हिसाब से डयूटी लगी है। मंत्रियों को पूरे जिले का जिम्मा सौंपा गया है।
हरियाणा में इन दिनों सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं, जहां भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियां प्रवासी मतदाताओं को साधने में जुट गई हैं। भाजपा अब तक हरियाणा में रहने वाले लगभग एक लाख प्रवासी मतदाताओं से संपर्क साध चुकी है।
प्रदेश में रहने वाले प्रवासी मतदाता बिहार में अपने परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों को प्रभावित करने की क्षमता रखते हैं, यही वजह है कि दोनों राष्ट्रीय दल इस प्रवासी कनेक्ट को भुनाने की कोशिश में हैं। इसके अलावा काफी प्रवासी लोग गुरुग्राम, फरीदाबाद और सोनीपत में रहकर काम करते हैं और मतदान करने के लिए वह बिहार जाते हैं। ऐसे में सभी लोगों को मतदान करने के लिए जागरूक करने के साथ पार्टी के पक्ष में वोट देने के लिए संपर्क कर रहे हैं। हरियाणा भाजपा के मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी ने बताया कि भाजपा ने प्रदेश में रहने वाले लगभग एक लाख प्रवासी मतदाताओं से सीधे संपर्क साधा है। इस महासंपर्क अभियान को सफल बनाने के लिए जिला स्तर पर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को स्पष्ट जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। रणनीति को धार देने के लिए भाजपा ने प्रदेश के बड़े नेताओं को इस काम में लगाया है। भाजपा ने बिहार चुनाव में प्रचार के लिए केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, हरियाणा सरकार में मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह, खेल मंत्री गौरव गौतम, मंत्री राजेश नागर, मंत्री विपुल गोयल, राज्य सभा सांसद सुभाष बराला, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल को जिम्मेदारी दी है।