गुरुग्राम। फर्जी बिलों पर इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) से 15 करोड़ रुपये वसूलने के प्रकरण में दो सीए की गिरफ्तारी के विरोध में सीए एसोसिएशन सड़कों पर उतर आई है। शनिवार को नार्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल ऑफ द इंस्टीटयूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंटस के पदाधिकारियों, सदस्यों और अन्य सीए बिरादरी ने सीजीएसटी विभाग से लेकर जिला अदालत तक पैदल जुलूस निकाल कर प्रदर्शन किया। आरोपी सीए की जमानत की मांग को लेकर इन लोगों ने हाथों में तख्तियां पकड़ीं थीं। इधर, दोनों सीए की शाम तक जमानत नहीं हुई। शाम को अदालत ने जमानत के प्रकरण में सोमवार तक फैसला सुरक्षित रख लिया है। अब दोनों सीए को फिलहाल जेल में ही रहना होगा।
सीए जिला अदालत के मुख्य द्वार से अंदर जाने लगे तो पुलिस ने उनको रोका, कुछ देर नोकझोंक हुई। इसके बाद सभी सीए सामने की सड़क पर दरी बिछा कर धरने पर बैठ गए। नारेबाजी शुरू हो गई। केंद्र व राज्य सरकार के साथ सीजीएसटी के खिलाफ नारे गूंजने लगे। विभागीय भ्रष्टाचार के आरोप भी लगे। यहां एसोसिएशन के अध्यक्ष नवीन गर्ग ने कहा कि जब तक दोनों सीए बंधुओं की रिहाई नहीं हो जाती, एसोसिएशन खामोश नहीं रहेगी। पूरे देश से इस मामले में भरपूर समर्थन मिल रहा है। कई शहरों में सीए एसोसिएशन प्रदर्शन कर रही हैं।
गौर हो कि उक्त प्रकरण में सीए गौरव और सीए सुनील को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। शनिवार दोपहर में इस प्रकरण में सुनवाई हुई जिसमें अदालत ने शाम साढ़े चार बजे तक जमानत पर फैसला सुरक्षित रख लिया था। शाम को जमानत के वास्ते सोमवार तक का समय दिया गया है। दोनों सीए को सोमवार तक जमानत के फैसले का इंतजार करना पड़ेगा। इस दौरान पुलिस तैनात रही। सीए एसोसिएशन के तमाम सदस्य और व्यापारी बाहर जमानत का इंतजार करते रहे।