94 फ्लैट्स की मंजूरी के बावजूद 210 से अधिक लोगों से पैसे लेने का आरोप
खरीदारों ने ऑडिट और सख्त कार्रवाई की मांग की
कुशाल रंगा
बादशाहपुर। सेक्टर-55 स्थित सुनहरा अपना घर ईडब्ल्यूएस ग्रुप हाउसिंग सोसाइटी एक बड़े विवाद में फंस गई है। सोमवार को 75 से अधिक खरीदार एसडीएम बादशाहपुर कार्यालय पहुंचे और सोसाइटी में हुए ओवरसेलिंग घोटाले के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
खरीदारों का कहना है कि सोसाइटी प्रबंधन ने नियमों का पालन नहीं किया और जरूरत से ज्यादा लोगों से फ्लैट के नाम पर पैसे ले लिए। इससे कई परिवारों की जमा पूंजी फंस गई है और वे अब परेशान हैं। जानकारी के अनुसार हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण और मुख्य नगर योजनाकार ने प्लॉट नंबर जीएस-63 सेक्टर-55 में सिर्फ 94 फ्लैट बनाने की अनुमति दी गई थी लेकिन आरोप है कि इसके बावजूद 210 से ज्यादा लोगों से पैसे लिए गए। खरीदारों का कहना है कि कई लोगों ने अपने फ्लैट की कीमत का 70 से 75 प्रतिशत तक भुगतान कर दिया है। इसके बाद भी उन्हें न तो फ्लैट मिला है और न ही यह साफ बताया जा रहा है कि आगे क्या होगा। सबसे बड़ी चिंता यह है कि जिन फ्लैट्स के लिए पैसे दिए गए वे कागजों में ही मौजूद नहीं हैं। इस समय सोसाइटी का काम एसडीएम बादशाहपुर संजीव सिंगला की देखरेख में चल रहा है, जिन्हें बोर्ड ऑफ एडमिनिस्ट्रेटर्स का अध्यक्ष बनाया गया है। बीओए का कार्यकाल 9 जुलाई 2026 तक बढ़ाया गया है। इसके बावजूद खरीदारों का कहना है कि अभी तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है और उन्हें सही जानकारी भी नहीं मिल पा रही है।
प्रदर्शन के दौरान खरीदारों ने प्रशासन को अपनी मांगों का ज्ञापन दिया। उन्होंने सोसाइटी के खातों की पूरी जांच जैसे फॉरेंसिक ऑडिट, सही सदस्यों के लिए नई योजना, निर्माण कार्य जल्दी शुरू करने, सोसाइटी को बंद होने से बचाने और पुराने प्रबंधन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। खरीदारों का कहना है कि यह सिर्फ देरी का मामला नहीं है बल्कि एक बड़ा धोखा है। उन्होंने कहा कि लोगों ने अपने जीवन की कमाई इसमें लगा दी है और अब वे न्याय चाहते हैं।