रोडवेज बस डिवाइडर से टकराई, बाल-बाल बचे यात्री
गुरुग्राम। जयपुर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-48 स्थित राजीव चौक फ्लाईओवर के पास बुधवार सुबह ऑटो चालक को बचाने के चक्कर में हरियाणा रोडवेज बस डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बस का आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि हादसे में बस में सवार किसी यात्री को चोट नहीं लगी। हादसे के बाद हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई, सूचना के बाद पुलिस और ट्रैफिक पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और उन्होंने बस को किनारे करवाकर जाम खुलवाया। पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्षों की ओर से पुलिस में शिकायत नहीं दी गई।
बुधवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे चरखीदादरी से गुरुग्राम रोडवेज डिपो की बस आ रही थी। हीरो होंडा चौक से राजीव चौक की ओर आते वक्त फ्लाईओवर से ठीक पहले जैसे ही सर्विस लेन के लिए निकल रही थी। बेरीवाला बाग की ओर से एक ऑटो चालक ने तेजी से हाईवे पर चढ़ने की कोशिश की। रोडवेज चालक ने ऑटो को बचाने के चक्कर में बस मोड़ दी, जिससे बस डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बस का आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।