अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। खुले में कचरा जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए नगर निगम गुरुग्राम स्वच्छता सैनिकों को प्रशिक्षित कर रहा है। इसे लेकर मिशन प्रदूषण मुक्त गुरुग्राम के तहत निगम ने डब्ल्यूआरआई इंडिया के सहयोग से बादशाहपुर स्थित कम्युनिटी सेंटर में जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की। इसमें 100 से अधिक स्वच्छता सैनिकों को खुले में कचरा जलाने से होने वाले नुकसान और इसकी रोकथाम के उपायों की जानकारी दी।
नगर निगम की संयुक्त आयुक्त सपना यादव ने स्वच्छता सैनिकों से स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त गुरुग्राम बनाने में योगदान देने की अपील की। वहीं, वार्ड-18 की पार्षद ज्योति जैलदार ने कहा कि खुले में कचरा जलाने से पर्यावरण प्रदूषित होता है और लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ता है। इस मौके पर डब्ल्यूआरआई इंडिया के आदित्य और दीप पोनीकर, सफाई निरीक्षक जितेंद्र, स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर कुलदीप हिंदुस्तानी, आईईसी विशेषज्ञ प्रिंका यादव समेत अन्य लोग मौजूद रहे।