मार्केट कमेटी सचिव ने दिए निर्देश, बाजरे की बंपर आवक से मंडी परिसर और शहर की सड़कें रहीं जाम
संवाद न्यूज एजेंसी
तावड़ू। नगर की अनाजमंडी में गुरुवार को बाजरे की बंपर आवक हुई, जिससे मंडी परिसर के साथ-साथ शहर की सड़कें भी जाम हो गई। पटौदी रोड, सोहना रोड और जिला मुख्यालय को जोड़ने वाली सड़कें कई घंटों तक ठप रहीं। मार्केट कमेटी सचिव मनीष कुमार ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे मंडी में फसल लेकर आने से पहले पोर्टल पर उसकी जांच जरूर कर लें। केवल वही किसान मंडी आएं जिनकी फसल पोर्टल पर वेरीफाइड हो चुकी है, ताकि गेट पास कटवाने में परेशानी न हो और अन्य किसानों को भी दिक्कत का सामना न करना पड़े।
किसान गेट पास कटवाने के लिए घंटों लंबी कतारों में खड़े नजर आए। इस दौरान स्थिति संभालने के लिए पुलिस की पर्याप्त तैनाती की गई, लेकिन अव्यवस्था और भीड़ इतनी अधिक थी कि जाम की समस्या बनी रही। एसडीएम जितेंद्र गर्ग भी फील्ड निरीक्षण के दौरान जाम में फंसे रहे।स्थानीय प्रशासन के मुताबिक अब तक भावांतर भरपाई योजना के तहत 2,625 गेट पास काटे गए हैं और 74 हजार 114 क्विंटल बाजरे की सरकारी खरीद हुई है। इसके अलावा 2,743 किसानों द्वारा करीब 46 हजार क्विंटल बाजरे की निजी खरीद भी की गई है। कुल मिलाकर तावड़ू मंडी में अब तक एक लाख 20 हजार क्विंटल से अधिक बाजरे की आवक दर्ज हो चुकी है। गुरुवार को आई भारी आवक के चलते मंडी के सभी फड़ बाजरे की ढेरियों से भर गए और किसानों की भीड़ मंडी से लेकर मुख्य सड़कों तक फैल गई।
वहीं, किसानों का कहना है कि गेट पास खिड़की पर व्यवस्था दुरुस्त न होने की वजह से उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ता है। हालात यह रहे कि मंडी में अव्यवस्था और बाहर जाम की वजह से किसानों के साथ-साथ आम लोगों को भी भारी परेशानी उठानी पड़ी।