गुरुग्राम-अलवर हाइवे पर अतिक्रमण को लेकर प्रशासन ने दी चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर झिरका। गुरुग्राम-अलवर हाइवे और उससे सटे सर्विस रोड पर फैले अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई की तैयारी पूरी कर ली है। नगर पालिका प्रशासन ने मंगलवार को पूरे शहर में मुनादी कराकर अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी कि वे अपने कब्जे हटा लें। बुधवार सुबह से प्रशासन खुद बुलडोजर चलाकर हटाने की कार्रवाई करेगा।
यह अभियान दो दिन तक लगातार चलेगा, जिसके लिए नगर पालिका ने पुलिस प्रशासन से पर्याप्त पुलिसबल की मांग भी की है। बतादें कि पिछले कई वर्षों से गुरुग्राम-अलवर हाइवे और उससे सटे सर्विस रोड पर कई दुकानदारों, दुकानों के मालिकों और स्थानीय लोगों ने कब्जा कर अवैध निर्माण कर लिया है। इस कारण सड़कें संकरी हो गई हैं, यातायात व्यवस्था बिगड़ चुकी है और आए दिन दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है। वहीं, हाइवे पर अतिक्रमण के कारण पैदल चलने वालों को भी भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। नगर पालिका की टीम ने सर्वे कर ऐसे सभी स्थलों की सूची तैयार की है, जहां अतिक्रमण सबसे अधिक है। अधिकारियों का कहना है कि कई बार नोटिस देने और समझाने के बावजूद अतिक्रमणकारियों ने कब्जे नहीं हटाए। नगर पालिका के सचिव राजेश मेहता ने बताया कि अभियान के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
फोटो। शहर के अंबेडकर चौक पर लगी अवैध रूप से फलों की रेहडी