न्यू पालम विहार में आयोजित अभिनंदन समारोह में पहुंचे उप मुख्यमंत्री ने दी जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। नियमित कॉलोनियों में बसी बड़ी आबादी को राहत देते हुए राज्य सरकार ने जिले की 47 कॉलोनियों के लिए 200 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया है। इन कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को इससे राहत मिलेगी। रविवार को उप मुख्यमंत्री न्यू पालम विहार क्षेत्र में अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में सरकार ने गुरुग्राम में विकास कार्यों में कोई कमी नहीं छोड़ी है। मौजूदा समय में विभिन्न क्षेत्रों में जारी विकास कार्य भी जल्द पूरे होंगे। उन्होंने कहा कि जिले की 47 कॉलोनी के लिए 200 करोड़ के बजट का प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही विकास कार्यों में ढील न छोड़ने की गुंजाइश के कारण जीएमडीए में भी कई बदलाव किए गए हैं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि आमजन को राहत देते हुए नियमित की गई कॉलोनियों में सीवर, बिजली व पानी सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं दी जाएंगी।
इस अवसर पर गुरुग्राम में नियमित की गई विभिन्न कॉलोनी के आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने उप मुख्यमंत्री का आभार भी जताया। कार्यक्रम में जजपा के प्रदेश अध्यक्ष (यूएलबी), ऋषि राज राणा, जिला अध्यक्ष श्योचंद यादव, जिला परिषद की चेयरपर्सन दीपाली चौधरी, आरडब्ल्यूए न्यू पालम विहार के महासचिव रामावतार राणा, न्यू पालम विहार आरडब्ल्यूए की प्रधान किरण कंडपाल, सज्जन दौलताबाद, आसपास के क्षेत्र के आरडब्ल्यूए के प्रतिनिधि मौजूद रहे।