हजारों की संख्या में रोजाना लोग खरीदारी करने पहुंचते हैं, लोगों को होती है परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। वाटिका चौक से सोहना जाने की तरफ से बादशाहपुर बाजार के सामने बॉटल नेक बनने से वाहन चालकों को जाम से जूझना पड़ता है। वाटिका चौक से बादशाहपुर की तरफ यह रास्ता पहले तीन लेन का है। फिर धीरे-धीरे छोटा होता हुआ चला जाता है। बादशाहपुर गांव के बाजार के सामने वह सिर्फ एक लेन जितना ही बचता है।
वाहन चालकों को परेशानी सिर्फ एक लेन बनने से ही नहीं होती है। एक लेन बनने वाले प्वाइंट पर ही लोग सड़क की दूसरी तरफ जाने के लिए डिवाइडर से सड़क को पार करते हैं। ऐसे में वाहन चालकों के सामने दो-दो परेशानी खड़ी हो जाती है। कई बार इसी सड़क के किनारे पर ही कूड़ा भी डाल दिया जाता है। इसकी वजह से स्थिति और खराब हो जाती है। प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोग बाजार में खरीदारी करने के लिए आते हैं। ऐसे में दिन भर जाम की स्थिति बनी ही रहती है।
सुबह-शाम के समय में वाहनों का दबाव काफी होता है। ऐसी स्थिति में वाहन चालकों को 10 से 15 मिनट वहां पर खड़ा होना पड़ जाता है। इसी सड़क से बादशाहपुर, गांव, रामगढ़, के साथ ही सेक्टर-65,66,67 और भुआपुर गांव जाने वाले लोग इस्तेमाल करते हैं। त्योहार के समय में काफी भयानक हो जाती है।