नशे में गाड़ी चलाने पर टोकने पर मारपीट कर फ्लाईओवर से नीचे फेंकने की कोशिश
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। मानेसर थाना क्षेत्र में नशे में गाड़ी चलाने से रोकने पर दो युवकों ने दंपती के साथ झगड़ा किया था। इसके बाद पति को मारपीट करते हुए फ्लाईओवर से नीचे फेंकने की कोशिश की गई। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपी युवकों को जेल भेज दिया है।
साउथ सिटी-2 निवासी पूजा जैन ने पुलिस को बताया कि वह 4 अप्रैल को अपने पति सुनील राघव के साथ कार में बावल से लौट रही थीं। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर पॉलिटेक्निक मानेसर के पास एक बलेनो कार चालक ने उनकी कार को टक्कर मारने की कोशिश की। जब दंपती ने गाड़ी को रूकने का इशारा किया तो युवकों ने गाड़ी को साइड में लगा लिया। इसके बाद एक युवक ने दंपती के साथ झगड़ा करना शुरू कर दिया। पूजा जैन ने डायल 112 पर कॉल करके पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को युवकों को हिरासत में ले लिया था। पुलिस ने उनकी कार से अवैध पिस्टल भी बरामद की। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद निवासी अजय और दिल्ली के जाफराबाद निवासी मनोज शर्मा के रूप में हुई।
जांच अधिकारी एएसआई मुकेश ने बताया कि दोनों आरोपियों अजय व मनोज शर्मा को 5 अप्रैल को अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया है। मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है।
प्रवीन कुमार