सेक्टर-37 थाने की पुलिस कर रही मामले की छानबीन
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) की जमीन पर अवैध कब्जे व जबरन उगाही करने की बात सामने आई है। सेक्टर-14 स्थित एचएसवीपी के सब डिविजनल अधिकारी सर्वे-1 की शिकायत पर सेक्टर-37 थाने में दो लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
एचएसवीपी के सेक्टर-14 स्थित कार्यालय से सब डिविजनल अधिकारी सर्वे-1 की ओर से दी शिकायत में पुलिस को बताया कि गांव नाहरपुर रूपा स्थित किला नंबर 9//24 की जमीन एचएसवीपी की है। जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करके डेयरी चलाई जा रही है। विभाग के जेई और पटवारी ने मौके का निरीक्षण कर रिपोर्ट सौंपी गई। रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि रविंद्र उर्फ टिल्लू और सतीश कुमार ने जमीन पर कब्जा कर पशु डेयरी बना रखी है। मौके पर आसपास के लोगों से पूछताछ में भी यही जानकारी सामने आई कि डेयरी का संचालन इन्हीं के ओर से किया जा रहा है। जांच के दौरान यह भी आरोप सामने आया कि गांव नाहरपुर रूपा निवासी गैंगस्टर कौशल द्वारा रविंद्र उर्फ टिल्लू पर दबाव बनाकर डेयरी चलवाई जा रही है और बदले में हर माह उगाही करता है। जांच अधिकारी एएसआई दिनेश दहिया ने बताया कि मामले की छानबीन करके ही पूरी जानकारी मिल सकेगी। अगर उगाही करने संबंधी बात सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कौशल अभी जेल में बंद है, तो उसे प्रोडक्शन रिमांड पर लिया जाएगा।