गुरुग्राम। राजीव चौक के पास कृषि कानूनों के विरोध में चल रहे अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे किसान कोरोना महामारी में ऑक्सीजन और दवाइयों की कालाबाजारी पर केंद्र सरकार और राज्य सरकारों को कोस रहे हैं। संयुक्त किसान मोर्चा गुरुग्राम के अध्यक्ष संतोख सिंह ने धरने को संबोधित करते हुए कहा कि आज कोरोना महामारी में ऑक्सीजन और दवाइयों की कालाबाजारी हो रही है। यदि तीनों कृषि कानून लागू हो गए तो पूरे देश में खाद्य पदार्थों की जमाखोरी, कालाबाजारी तथा मुनाफाखोरी होगी।
संतोख सिंह ने कहा कि सरकार कोरोना महामारी से लड़ने में पूरी तरह से फेल हो गई है। आज जीवन के लिए आवश्यक ऑक्सीजन और दवाइयों की सरेआम कालाबाजारी हो रही है और ऑक्सीजन और दवाइयों की कमी से मौतें हो रही है और सरकार कुछ नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार तुरंत प्रभाव से जीवन के लिए आवश्यक ऑक्सीजन और दवाइयों को आवश्यक वस्तु घोषित कर दे। ऑक्सीजन और दवाइयों की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही उन्होंने सरकार से मांग की है कि तीनों काले कानूनों को जनहित में तुरंत प्रभाव से रद्द कर दे। बृहस्पतिवार को धरने पर बैठने वालों में बलवान सिंह, पंजाब सिंह, फूल कुमार, मनीष, अरुण शर्मा एडवोकेट, तनवीर अहमद, आकाशदीप, धर्मवीर, योगेश्वर, मनोज, राजबीर कटारिया, ईश्वर, रमेश दलाल सहित अन्य व्यक्ति शामिल हुए।