संवाद न्यूज एजेंसी
तावड़ू। क्षेत्र में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तावड़ू अपराध अनुसंधान शाखा एवं एंटी नारकोटिक्स टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांव पचगांव निवासी एक युवक को 25.3 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान साहीद पुत्र रत्ती खां निवासी पचगांव थाना सदर तावडू जिला नूंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार रत्ती खां भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता हैं। तावड़ू सदर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
तावड़ू सीआईए प्रभारी विनोद के अनुसार अपराध नियंत्रण एवं गश्त के दौरान एक टीम गोलचक्कर तावडू पर मौजूद थी। इसी दौरान सूचना मिली कि साहीद नामक युवक हेरोइन की सप्लाई और बिक्री करता है, जो पचगांव रोड पर रेलवे लाइन के पास ग्राहकों के इंतजार में खड़ा है। सूचना के आधार पर दबिश दी गई। जहां एक युवक दिखाई दिया, जो पुलिस को देख भागने लगा लेकिन पुलिस ने उसे काबू कर लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान साहीद निवासी पचगांव के रूप में बताई। नियम अनुसार आरोपी युवक की तलाशी लेने पर पाॅलिथीन बरामद हुई, जिसमें हेरोइन पाई गई।
पुलिस रिकार्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी एक आपराधिक मामला दर्ज बताया जा रहा है। वहीं ग्रामीणों के अनुसार यह आरोपी पूर्व सरपंच का बेटा तथा वर्तमान महिला सरपंच का भाई है। सीआईए प्रभारी का कहना है कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।