पूर्व प्रत्याशी सुधीर चौधरी ने क्षेत्र के हालात पर कहा, अदालत में पहुंच चुका है मामला, अब सिस्टम के खिलाफ तेज की आवाज
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। साइबर सिटी में मूल सुविधाओं को लेकर अब धीरे-धीरे लोग सड़क पर उतरने लगे हैं। रविवार का दिन प्रदर्शन करने वालों के नाम रहा। सड़क, पानी और सीवर की समस्या को लेकर मामला अदालत में पहले ही जा चुका है। अब सिस्टम के खिलाफ आवाज तेज होने लगी है। कांग्रेस ने प्रदर्शन कर एक ओर सरकार को घेरा तो दूसरी ओर नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। पूर्व प्रत्याशी सुधीर चौधरी ने भाजपा पर पटौदी की तस्वीर व तकदीर बिगाड़ने का आरोप लगाया।
रविवार को सरस्वती एन्क्लेव में लोगों ने सीवर समस्या का लेकर प्रदर्शन किया तो कांग्रेस ने इसे लेकर पटौदी एरिया में विरोध प्रदर्शन किया। हालांकि, इस मामले में कुछ लोगों ने कोर्ट का भी दरवाजा खटखटाया है।
जटौली मंडी के जर्जर हालात पर कांग्रेस का हल्लाबोल
पटौदी। कांग्रेस ने पटौदी विधानसभा में अव्यवस्थाओं को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। रविवार को जाटोली मंडी स्थित पीली धर्मशाला में कांग्रेस जिलाध्यक्ष (ग्रामीण) वर्धन यादव के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया। आयोजन की अगुवाई पटौदी से पूर्व प्रत्याशी सुधीर चौधरी ने की। वर्धन यादव ने कहा कि कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना उनका प्रमुख लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि समर्पण और 36 बिरादरी को साथ लेकर चलने से संगठन और सशक्त होगा। कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।
सभा के बाद कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। सुधीर चौधरी ने कहा कि भाजपा ने पटौदी की तस्वीर और तकदीर बिगाड़ दी है। पिछले 11 वर्षों से विकास पूरी तरह ठप है। उन्होंने आरोप लगाया है कि सड़कें टूटी पड़ी हैं। पेयजल व बिजली की आपूर्ति लगातार बाधित रहती है। किसान, नौजवान, मजदूर और व्यापारी हर वर्ग बदहाल है। इस दौरान राज मुदगिल पूर्व चेयरमैन, दुष्यंत यादव,सरला देवी, सतबीर पहलवान, सुखबीर तंवर, इंद्र यादव, राजेंद्र जांगड़ा, भुविन्दर चौहान, पूर्व पार्षद रिंकू, अशोक शर्मा, पंकज शर्मा, दीना, सीता राम, जगदीश, सूरज भान, राजू उपमान, बालकिशन यादव आदि सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सीवेज की गंदगी को लेकर नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन
गुरुग्राम। सरस्वती एन्क्लेव कॉलोनी के निवासियों ने रविवार की सुबह अपनी कॉलोनी में प्रदर्शन किया। कॉलोनी के निवासी पिछले छह महीने से सीवेज की गंदगी के बीच जी रहे हैं। कॉलोनी की गलियों में सीवेज की गंदगी भरी है। इसी से होकर बच्चे स्कूल जाने का मजबूर हैं। लोगों ने कई बार नगर निगम से इसकी शिकायत की मगर समाधान नहीं निकला। गुस्साए निवासियों ने नगर निगम के अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारे लगाए।
बिल्डर के आवास के सामने किया प्रदर्शन
गुरुग्राम। माहिरा प्रोजेक्ट के आवंटियों ने कुतुब एन्क्लेव के पास बिल्डर के आवास के सामने प्रदर्शन किया। पिछले सात सालाें से सेक्टर-68 स्थित माहिरा के अफोर्डेबल हाउसिंग प्रोजेक्ट के आवंटी अपने घरों का इंतजार कर रहे हैं। वर्ष 2018 के इस प्रोजेक्ट के घर वर्ष 2022 में आवंटियों को सुपुर्द कर दिए जाने चाहिए थे। प्रधानमंत्री आवास योजना के अफोर्डेबल प्रोजेक्ट के तहत की इस आवासीय योजना के 1497 आवंटी हैं। प्रदर्शनकारियों में शामिल सचिन गुप्ता ने बताया कि हमारे प्रोजेक्ट को चार साल में पूरा करके दिया जाना था। रेरा की ओर से आदेश था कि हर छह महीने में वह प्रोजेक्ट की राशि अदा करें। तब भी जबकि प्रोजेक्ट में निर्माण कार्य बंद था। वह सरकार पर भरोसा करने घरों की पूरी रकम दे चुके हैं मगर प्रोजेक्ट अभी करीब 60 प्रतिशत ही तैयार हैं। एक ओर हम बैंक को ईएमआई दे रहे हैं तो दूसरी ओर किराये के घर में रह रहे हैं। प्रोजेक्ट के आवंटी लाचार होकर प्रदर्शन के लिए मजबूर हुए हैं। संवाद
-
इंपीरिया ओशियारा सोसाइटी के आवंटियों में रोष
गुरुग्राम। सेक्टर-37 सी स्थित इंपीरिया आशियारा सोसाइटी के आवंटियों ने प्रोजेक्ट स्थल पर प्रदर्शन किया। आवंटी अपने फ्लैट पूरे किए जाने की मांग कर रहे थे। वर्ष 2018 में अफोर्डेबल हाउसिंग की इस परियोजना की शुरुआत हुई थी। 31 जनवरी 2023 फ्लैट डिलीवरी की आखिरी तारीख थी। आवंटियों ने बताया कि 30 महीने की देरी के बाद आज तक सोसाइटी का 15 प्रतिशत काम बाकी है। डीटीसीपी और रेरा से बार-बार शिकायत के बाद भी बिल्डर पर प्रोजेक्ट पूरा करने का दबाव नहीं बन पा रहा है। बिल्डर द्वारा ठेकेदारों को भुगतान रोक दिए जाने के कारण काम बंद है। इस प्रोजेक्ट के 992 फ्लैट हैं, जिसके मिलने का इंतजार आवंटी कर रहे हैं। संवाद