गड्ढों की वजह से नेशनल हाईवे-48 पर लग जाता है 10 किमी तक का जाम
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। बिलासपुर चौक पर बारिश के बाद हुए जलभराव से गड्ढों से हो रहे यातायात प्रभावित को लेकर यातायात पुलिस ने एनएचएआई को पत्र लिखा है। उन्होंने जल्द से जल्द इस सड़क को ठीक करने के लिए कहा है। बुधवार को यातायात पुलिस उपायुक्त डॉ. राजेश मोहन ने अन्य अधिकारियों के साथ बिलासपुर चौक का निरीक्षण भी किया।
पुलिस उपायुक्त यातायात डॉ. राजेश मोहन ने निरीक्षण के दौरान पाया कि बिलासपुर चौक पर एनएचएआई की तरफ से किए जा रहे कार्य की वजह से नेशनल हाईवे-48 की सड़क पूरी तरह से टूटकर क्षतिग्रस्त हो गई हैं। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं। इससे वाहन चालकों को काफी परेशानी हो रही है। यातायात निरीक्षक अवतार सिंह ने सड़क को ठीक करने के लिए एनएचएआई को कई बार सूचना भी दी है लेकिन अभी तक बिलासपुर चौक पर मरम्मत कार्य उनकी तरफ से नहीं किया गया।
सड़क पर हुए गहरे गड्ढों से यातायात बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है। बिलासपुर चौक से दिल्ली की तरफ और जयपुर की तरफ 10-10 किलोमीटर तक का जाम लग जाता है। वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यातायात पुलिस की तरफ से भी जाम को खुलवाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ती है। जाम की स्थिति हर समय रहती है। ऐसे में चालकों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी समय लग जाता है। इसकी वजह से वातावरण भी प्रदूषित हो रहा है।
यातायात पुलिस की तरफ से लिखे गए पत्र में यह भी कहा गया है कि अगर वहां पर किसी तरह की दुर्घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी एनएचएआई की ही होगी। निरीक्षण के दौरान सहायक पुलिस आयुक्त यातायात मुख्यालय-हाईवे सत्यपाल यादव, सहायक पुलिस आयुक्त पटौदी सुखबीर सिंह, यातायात निरीक्षक अवतार सिंह, बिलासपुर थाना प्रबंधक दिलबाग सिंह के साथ ही अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।