विभिन्न धाराओं के तहत बाइक पर 2.29 लाख रुपये का जुर्माना बकाया
गुरुग्राम। यातायात पुलिस द्वारा सेक्टर-4/7 चौक पर वाहनों की जांच के दौरान नंबर प्लेट टूटी हुई एक बाइक को रुकवाया। जांच के दौरान बाइक के 93 चालानों की 2.29 लाख रुपये जुर्माना राशि लंबित मिलने पर उसे जब्त किया गया। जांच के दौरान बाइक चालक जरूरी दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर पाया।
बृहस्पतिवार को यातायात पुलिस के जोनल अधिकारी एएसआई मदनलाल सेक्टर-4/7 चौक पर सिपाही रोबिन व अन्य यातायात पुलिसकर्मियों के साथ वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान जांच के लिए बाइक को रूकवाया। बाइक की आगे की नंबर प्लेट टूटी हुई थी। जांच करने पर बाइक पर मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की विभिन्न धाराओं के तहत 93 चालान लंबित पाए गए। इनमें बिना हेलमेट, जेब्रा क्रॉसिंग नियमों का उल्लंघन करने संबंधी चालानों की जुर्माना राशि 2.29 लाख रुपये बकाया मिली। जब पुलिसकर्मियों ने चालक से वाहन संबंधित कागजात मांगे गए उन्हें वो प्रस्तुत नहीं कर सका। ऐसे में पुलिस ने बाइक को जब्त किया है।
जिन वाहनों के 90 से अधिक दिनों के चालान लंबित पाए जा रहे हैं, उनको जब्त किया जा रहा है। कई वाहन चालकों द्वारा लगातार यातायात नियम तोड़े जा रहे हैं, जोकि चौक-चौराहों पर लगे कैमरों में कैप्चर हो जाते हैं। यातायात नियम तोड़ने वालों पर पुलिस कार्रवाई कर रही है।
- सत्यपाल यादव, एसीपी (यातायात मुख्यालय/हाईवे), गुरुग्राम