संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। निगम क्षेत्र के गांवों में हाउस टैक्स व प्रॉपर्टी टैक्स के विरोध में 85 गांवों के पूर्व सरपंच, पूर्व पार्षद, नंबरदार, पूर्व पंच सहित ग्रामीणों ने मंगलवार को हरियाणा के राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन देने पहुंचे लोगों का कहना था कि प्रदेश सरकार ने हाउस टैक्स /प्रॉपर्टी टैक्स खत्म नहीं किया तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। लघु सचिवालय के आगे टैक्स खत्म करने की मांग करते हुए सीटीएम दर्शन कुमार यादव को ज्ञापन सौंपा।
संयुक्त किसान मोर्चा गुरुग्राम के अध्यक्ष संतोख सिंह ने बताया कि लोगाें ने गुरुग्राम व मानेसर निगम क्षेत्र के गांवों में हाउस टैक्स / प्रॉपर्टी टैक्स खत्म करने की मांग की है। सामाजिक न्याय संगठन गुरुग्राम के आह्वान पर मंगलवार को गुरुग्राम व मानेसर निगम क्षेत्र के गांवों में हाउस टैक्स को खत्म करने की मांग को लेकर गुरुग्राम के जागरूक नागरिकों और सामाजिक संगठन पंचायत भवन परिसर में एकत्रित हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता नत्थू सिंह सरपंच ने की।
पंचायत भवन से पैदल चलकर लघु सचिवालय गुरुग्राम पहुंचे और वहां पर उपायुक्त गुरुग्राम को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर सभी गुरुग्राम व मानेसर निगम क्षेत्र के गांवों में हाउस टैक्स को खत्म करो के स्लोगन लिखी हुई पट्टियां अपने हाथ में लिए हुए थे। लोग निगम क्षेत्र के गांवों में हाउस टैक्स खत्म करो के नारे लगा रहे थे।
संतोख सिंह ने बताया कि गुरुग्राम नगर निगम का गठन वर्ष-2008 में और मानेसर नगर निगम का गठन वर्ष-2020 में किया गया है। गांवों को निगम क्षेत्र में शामिल करने से पहले कोई भी शहरी सुविधाएं उपलब्ध नहीं करवाई गई थी। जो भी विकास कार्य गांवों में हुए थे, वो सभी ग्राम पंचायतों ने ही करवाए थे। नगर निगम के गठन से पहले गांवों में और उनकी विस्तारित आबादी में कोई भी हाउस टैक्स / प्रॉपर्टी टैक्स, डेवलपमेंट चार्ज या मकान बनाने के लिए नक्शा पास करवाने का प्रावधान नहीं था। गुरुग्राम नगर निगम क्षेत्र और मानेसर निगम क्षेत्र में आने वाले सभी गांवों की ज्यादातर जमीन सरकार द्वारा पहले ही अधिग्रहण की जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि जब देश की राजधानी दिल्ली में ही एमसीडी ने गांवों और उसकी विस्तारित आबादी में हाउस टैक्स/प्रॉपर्टी टैक्स खत्म कर दिया है तो फिर गुरुग्राम जिला में नगर निगम गुरुग्राम और मानेसर नगर निगम में गांवों और उसकी विस्तारित आबादी में हाउस टैक्स क्यों ले रहा है। इस अवसर पर सूबे सिंह बोहरा, बीर सिंह सरपंच, शौचंद यादव सरपंच, नरेश सहरावत सरपंच, कमल पहलवान गाडोली, अशोक हंस सरपंच, अनिल पंवार, लायक राम सरपंच, ब्रह्म डागर, एडवोकेट सूबे सिंह यादव, जयसिंह ठाकरान नंबरदार, दुलीचंद सरपंच, कुलराज कटारिया, सतपाल दहिया सरपंच, उदय बीर सरपंच, सतपाल गढ़ौली, रामबीर सरपंच सहित अन्य गांवों के सरपंच व ग्रामीण उपस्थित रहे।