फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gurugram News: त्याग, भाईचारे और अमन का पैगाम लेकर आई बकरीद

विज्ञापन
नगीना की ईदगाह में नमाज पढ़ते लोग
विज्ञापन
-ईदगाह और मस्जिदों में उमड़ी नमाजियों की भीड़ ने अदा की नमाज
विज्ञापन

संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह/पिनगवां/नगीना। त्याग, कुर्बानी और भाईचारे का प्रतीक ईद-उल-अज़हा (बकरीद) का पर्व मेवात क्षेत्र में धार्मिक उत्साह, अकीदत और सौहार्द के साथ मनाया गया। नूंह, पुनहाना, पिनगवां, नगीना, फिरोजपुर झिरका, तावडू, मालब, आकेड़ा, सिंगार, शिकरावा और आसपास के गांवों सहित पूरे जिले में सुबह से ही ईद की रौनक देखने को मिली। नए कपड़े पहनकर बच्चे, बुजुर्ग और युवा ईदगाहों व मस्जिदों की ओर रवाना हुए। नमाज अदा करने के बाद लोगों ने मुल्क में अमन-चैन, खुशहाली और तरक्की की दुआ मांगी तथा एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी।

पिनगवां कस्बे की ईदगाह में सुबह करीब सात बजे से ही नमाजियों का पहुंचना शुरू हो गया था। ईदगाह परिसर में बड़ी संख्या में लोगों ने पूरी श्रद्धा और अकीदत के साथ नमाज अदा की। बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला और वे परिवार के साथ नए कपड़े पहनकर ईदगाह पहुंचे। धार्मिक माहौल के बीच लोगों ने कुर्बानी और इंसानियत का संदेश दिया। पिनगवां ईदगाह में मौलाना जहीर अहमद ने नमाज अदा करवाई। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि बकरीद त्याग, इंसानियत और अल्लाह की राह में कुर्बानी देने का पर्व है। उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने और समाज में शांति कायम रखने की अपील की। साथ ही प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी नहीं करने की भी सलाह दी।
विज्ञापन
विज्ञापन


नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद अधिकांश लोग अपने घर लौटे और कुर्बानी की रस्म अदा की। पूरे दिन क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल बना रहा। बाजारों और गलियों में भी जबरदस्त रौनक देखने को मिली। नगीना गांव स्थित ईदगाह में भी हजारों अकीदतमंदों ने नमाज अदा की। स्थानीय निवासी मुबीन गोरवाल ने बताया कि ईद को लेकर बाजारों में भारी भीड़ रही और युवाओं में खरीदारी को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। कई दुकानों पर कपड़ों का स्टॉक तक खत्म हो गया। ईद मनाने के लिए मेवात के सैकड़ों ट्रक चालक भी अपने घर लौटे, जिससे परिवारों में खुशी का माहौल रहा। हालांकि ट्रकों की लंबी कतारों के चलते कई स्थानों पर जाम की स्थिति बनी रही। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगीना पुलिस प्रशासन दिनभर मुस्तैद नजर आया। नूंह में बड़ी मस्जिद के मुफ्ती जाहिद हुसैन ने बताया कि यह पर्व उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें