39वीं बॉयज राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का शानदार प्रदर्शन
704 अंक हासिल किए आयुष ने
690 अंक मिले पृथ्वीराज को
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। जींद के किनाना में 27 और 28 सितंबर को आयोजित 39वीं बॉयज राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। इसमें जिले के दो खिलाड़ियों ने पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। आयुष राव ने स्वर्ण पदक हासिल कर राष्ट्रीय स्तर की टीम में अपना स्थान सुनिश्चित किया। वहीं 14 वर्षीय पृथ्वीराज सिंह चौहान ने रजत पदक अपने नाम किया। आयुष राव ने 720 अंक में से 704 और पृथ्वीराज सिंह चौहान ने 720 में से 690 अंक प्राप्त किए।
प्रतियोगिता में जूनियर और सीनियर वर्ग के लड़कों के मुकाबले आयोजित किए गए थे। आयुष राव और पृथ्वीराज ने कहा कि मुकाबले में काफी अच्छे और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। उनके बीच पदक जीतना हमारे लिए बहुत बड़ी बात है। इसके साथ ही दोनों खिलाड़ियों ने अपने प्रशिक्षक और परिवार का आभार जताया। दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि पर गुरुग्राम तीरंदाजी संघ के प्रधान पवन शर्मा और जनरल सेक्रेटरी कपिल कौशिक ने उन्हें बधाई दी। जिला खेल विभाग और जिला प्रशासन की ओर से भी खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर खुशी जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। संघ पदाधिकारियों ने कहा कि दोनों खिलाड़ी आगे भी बेहतर प्रदर्शन कर गुरुग्राम और हरियाणा का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।