गुरुग्राम। त्योहारों के दौरान जनमानस की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को सदर बाजार में पुलिस एवं हरियाणा अग्निशमन विभाग ने जागरूकता मार्च निकाला।
उपायुक्त अजय कुमार के दिशा निर्देश में निकाले गए मार्च का उद्देश्य दुकानदारों और नागरिकों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करना व भीड़ नियंत्रण के उपायों की जानकारी देना रहा। इसके अलावा आपातकालीन वाहनों के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा न उत्पन्न होने देना रहा। अग्निशमन विभाग की ओर से विशेष एहतियात के तौर पर मस्जिद चौक पर एक अग्निशमन वाहन 21 अक्तूबर तक तैनात रहेगा।
डीसी ने कहा कि त्योहारों का समय उल्लास के साथ-साथ सतर्कता का भी समय होता है। प्रशासन, पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह सक्रिय हैं। ब्यूरो