पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया, एक युवक हिरासत में
परिजनों के आने के बाद होगा पोस्टमार्टम, मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। उद्योग विहार थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात पैसों को लेकर हुई कहासुनी में चार लोगों ने एक युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। शनिवार की सुबह पुलिस को युवक की हत्या के बारे में पता चला। उद्योग विहार की पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने फिंगरप्रिंट और एफएसएल की टीम से घटनास्थल का निरीक्षण कराकर साक्ष्य व सबूत एकत्रित किए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में पहुंचाया और मृतक के परिजनों को घटना के बारे में सूचना दी। मृतक की मुंहबोली बहन की शिकायत के आधार पर पुलिस ने दो नामजद के साथ ही अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मृतक युवक की पहचान बिहार के खगड़िया निवासी विकास कुमार (30 वर्ष) के रूप में हुई है। वह उद्योग विहार के फेज-4 में गाड़ी चलाने का करता था। परिजनों के आने के बाद मृतक के शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।
जांच में सामने आया कि शुक्रवार की रात को विकास कुमार (मृतक) अपने दोस्त अनिल कुमार की चाय की दुकान पर मौजूद था। अनिल कुमार की पत्नी उर्मिला उसकी मुंहबोली बहन थी। इसी दौरान दुकान पर टीटू नाम का एक जानकार युवक वहां आया और विकास कुमार को शराब पीने के बारे में कहने लगा। इसी दौरान रुपयों को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विकास कुमार ने टीटू को धक्का देकर वहां से जाने के लिए कह दिया। इसके बाद टीटू चला गया। रात करीब 2.30 बजे टीटू अपने साले आकाश व अन्य दो युवकों को लेकर वापस आया। इसी दौरान आरोपियों ने झुग्गी के अंदर से विकास कुमार को बाहर बुलाकर उसके साथ मारपीट की। उद्योग विहार फेज-4 में प्लॉट नंबर 239 के पास झगड़ा बढ़ने के बाद टीटू व उसके साले आकाश सहित अन्य युवकों ने विकास कुमार पर लाठी-डंडो व ईंटों से हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल विकास को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया तो डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही उद्योग विहार थाने की पुलिस अस्पताल में पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी पहुंचाया। वहीं, पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण भी किया। पुलिस ने मृतक विकास कुमार की मुंह बोली बहन उर्मिला की शिकायत पर टीटू, आकाश व अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दी है। पुलिस ने मामले में एक युवक को हिरासत में लिया है।
हत्या के मामले में एफआईआर दर्ज करके एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। मृतक के परिवार वालों के आने के बाद रविवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
- धर्मबीर, सहायक पुलिस आयुक्त (उद्याेग विहार), गुरुग्राम