डीसीपी यातायात ने ऑटो यूनियन के प्रधानों और चालकों के साथ की बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। जिले की सड़कों पर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए पुलिस उपायुक्त (यातायात) प्रतीक गहलोत ने मंगलवार को ऑटो यूनियनों के प्रधानाें व चालकों के साथ बैठक की। बैठक में सभी को वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करने व व्यवस्था को सुधारने के लिए पुलिस का सहयोग देने के निर्देश दिए गए। बैठक में एसीपी (यातायात मुख्यालय/हाईवे) सत्यपाल यादव, हित सभी यातायात निरीक्षक व पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे।
पुलिस उपायुक्त यातायात ने ऑटो चालकों को निर्देश दिए कि वे केवल निर्धारित स्टैंड पर ही सवारी बैठाएं व उतारें। सड़क के बीच वाहन रोककर सवारी बैठाने व उतारने से वाहनों का आवागमन बाधित होता है। इससे जाम लगने व दुर्घटना की संभावना भी बढ़ जाती है। वे सड़क पर निर्धारित लेन में ही वाहन चलाएं। डीसीपी ने सुरक्षा की दृष्टि से सभी ऑटो चालकों को अपने वाहन पर यूनिक आईडी अवश्य लगाने के लिए कहा। इसके अलावा सभी चालकों को ऑटो या ई-रिक्शा में निर्धारित क्षमता के अनुसार ही सवारी बैठाने के लिए भी निर्देश दिए है। अगर कोई चालक क्षमता से अधिक सवारियां बैठाए मिलता है या वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग करता है तो उसका मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालान काटा जाएगा। सभी चालकों को ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन के आवश्यक दस्तावेज साथ रखने के लिए कहा गया।