स्कूटी सवार युवक घायल, अस्पताल में उपचाराधीन, पिकअप का चालक मौके से भागा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। द्वारका एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन पर बुधवार की दोपहर तेज रफ्तार पिकअप ने पीछे से स्कूटी को टक्कर मार दी। इस हादसे में स्कूटी सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की पेट्रोलियम टीम भी मौके पर पहुंची और घायल युवक को एंबुलेंस से अस्पताल में भर्ती कराया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हरसरू गांव के पास द्वारका एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन पर एक युवक स्कूटी पर जा रहा था। पीछे से तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी ने स्कूटी को टक्कर मार दी। इस हादसे में स्कूटी सवार सेक्टर-4 निवासी अक्षय गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई और पुलिस को भी सूचना दी गई। हादसे की जानकारी मिलते ही एनएचएआई की पेट्रोलियम टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायल अक्षय को एंबुलेंस से अस्पताल में पहुंचाया। पुलिस ने घायल युवक के परिवार वालों को भी सूचित किया। युवक अस्पताल में उपचाराधीन है। वहीं, पिकअप चालक हादसे के बाद वाहन छोड़कर मौके से भाग गया। द्वारका एक्सप्रेसवे की जेडओ बबीता ने बताया कि हादसा होने के तुरंत बाद एंबुलेंस मंगवाकर घायल युवक को अस्पताल में भर्ती करा दिया था। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।