- 456 सीटों में 159 पर दाखिले, 18 अगस्त को होगा सीटों का आवंटन
- सोलर टेक्नीशियन ट्रेड शुरू, छात्राओं के लिए 30 से 50 प्रतिशत सीटें आरक्षित
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। जिले के राजकीय एवं निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में दाखिले के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया का तीसरा चरण पूरा हो चुका है। सोहना स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में कुल 456 सीटों में से 159 पर दाखिले हो चुके हैं। अब चौथे चरण में दाखिले के लिए अभ्यर्थी 14 से 16 अगस्त तक ऑनलाइन ट्रेड चॉइस भर सकेंगे। इसके लिए दाखिला पोर्टल खुला रहेगा। चौथे चरण के तहत 18 अगस्त को सीटों का आवंटन किया जाएगा।
संस्थान में इसी सत्र से सोलर टेक्नीशियन ट्रेड भी शुरू किया गया है। इच्छुक अभ्यर्थी इस ट्रेड को भी अपनी पसंद में शामिल कर सकेंगे। संस्थान में छात्राएं कंप्यूटर ऑपरेटर एवं प्रोग्रामिंग असिस्टेंट, हेल्थ सेनेटरी इंस्पेक्टर, ड्राफ्ट्समैन सिविल, स्टेनोग्राफी अंग्रेजी और हिंदी सहित विभिन्न ट्रेडों में दाखिला ले रही हैं। प्रधानाचार्या सोनिका तक्षक ने छात्राओं से इंजीनियरिंग ट्रेडों में भी दाखिला लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि फिटर, इलेक्ट्रिशियन, मशीनिस्ट, प्लंबर और ड्राफ्ट्समैन मैकेनिकल जैसे ट्रेडों में प्रशिक्षण लेकर छात्राएं रोजगार के बेहतर अवसर हासिल कर सकती हैं।
उन्होंने बताया कि स्टेनोग्राफी अंग्रेजी और हिंदी ट्रेड में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत सीटें आरक्षित हैं, जबकि अन्य सभी ट्रेडों में 30 प्रतिशत सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। दाखिले के बाद जिन छात्राओं के अभिभावकों की वार्षिक आय तीन लाख रुपये से कम है, उन्हें प्रशिक्षण अवधि के दौरान सरकार की ओर से 2500 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।