द लीफ सोसाइटी में 10वीं मंजिल से गिरकर बीएसएफ डीआईजी के बेटे की मौत का मामला
पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंपा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-85 स्थित द लीफ सोसाइटी में चार नवंबर की दोपहर करीब 2 बजे 10वीं मंजिल पर फ्लैट की बालकनी में बिजली की लड़ियां लगाते समय संतुलन बिगड़ने से असीम नीचे गिरा था। खेड़कीदौला थाने की पुलिस ने मृतक के परिवार वालों के बयान दर्ज किए गए हैं। बृहस्पतिवार को कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद मृत युवक के शव काे पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस को दिए बयान में परिवार वालों ने बताया कि असीम (28) दिवाली पर फ्लैट की बालकनी में लाइटिंग कर रहा था, तभी उसका संतुलन बिगड़ा और वह नीचे गिर गया और शरीर पर कई जगह गहरी चोटें आईं थीं, जिस कारण उसकी मौत हुई।
मृतक के पिता बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (बीएसएफ) में डाआईजी हैं। बेटे की मौत की खबर पाकर वे 4 नवंबर की रात को ही गुरुग्राम पहुंच गए थे। पुलिस की फॉरेंसिक टीम ने बालकनी की रेलिंग की ऊंचाई, गिरने के एंगल व नीचे गिरने के स्थान से महत्वपूर्ण साक्ष्य व फिंगरप्रिंट्स जुटाए हैं। पुलिस ने सोसाइटी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली है।
वर्जन
प्राथमिक तौर पर बालकनी में बिजली की लड़ियां लगाते समय असीम के असंतुलित होकर नीचे गिरने की बात सामने आई है। मामले की सभी पहलुओं से गहनता से जांच की जा रही है। - संदीप कुमार, पुलिस प्रवक्ता