कैबिनेट मंत्री ने कला, संस्कृति और साहित्य के क्षेत्र में योगदान देने वालों को किया सम्मानित
राव नरबीर बोले-कला ही हमें हमारी जड़ों से जोड़ती है
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। कला, संस्कृति और साहित्य के क्षेत्र में योगदान देने वाले कलाकारों को कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने बृहस्पतिवार रात कला सम्मान पुरस्कार से नवाजा। सेक्टर-44 स्थित अपैरल हाउस में कलाग्राम का कला सम्मान पुरस्कार समारोह आयोजित किया गया।
राव नरबीर सिंह ने कला विभूतियों को सम्मानित करने के बाद कहा कि कला जीवन का अभिन्न अंग है जो हमें संवेदनशील बनाती है और निरंतर सीखने के लिए प्रेरित करती है। कला ही वह माध्यम है जो हमें हमारी जड़ों से जोड़ती है। यदि कलाकारों को इसी प्रकार प्रोत्साहन और मंच मिलता रहा तो हमारी सभ्यता एवं संस्कृति सदैव जीवंत बनी रहेगी।
समारोह की शुरुआत मोक्ष के कथक से हुई। उसके बाद लिप्सा सत्पथी की शिष्याओं ने ओडिसी नृत्य प्रस्तुत किया। समापन नज़्म कौर ग्रुप के भंगड़ा से हुआ। मंच संचालन शिल्पा सोनल, मीनाक्षी पांडे, प्रीति मिश्रा और मीनाक्षी शर्मा ने किया।
इन्हें दिया गया सम्मान
कला करणधर (युवा कलाकार) : नज़्म कौर, कला ज्योति (समावेशी कलाकार): मास्टर आरुष गुप्ता व देव रामप्रसाद
कला गौरव : रूपी महेंद्रू, बिनोद शर्मा, नरेंद्र शर्मा हरियाणवी, मानव गुप्ता
कला रत्न : पं. हर्षवर्द्धन, शगुन, मीर झमन, लिप्सा सत्पथी, कलानिधि, मुजफ्फर अली (कला व संस्कृति) एवं लेखिका चंद्रकांता (साहित्य)
लाइफटाइम अचीवमेंट (संगीत) : पं. अरुण चटर्जी
कला समर्पण : मीनाक्षी पांडे और शिल्पा सोनल
यह रहे मौजूद
सम्मान समारोह में डीसी एवं कलाग्राम के चेयरमैन अजय कुमार के साथ अभिनेता, निर्देशक और मास्टर फैसिलिटेटर मोहन कांत, प्रख्यात नृत्यांगना एवं कोरियोग्राफर जयश्री आचार्य, मीडिया विशेषज्ञ शरद कोहली, डीपीआरओ बिजेंद्र कुमार, गुरुग्राम थिएटर ग्रुप के कलात्मक निदेशक आशुतोष शेलत और कला समीक्षक एवं संस्कृति प्रतिनिधि उमा प्रकाश शामिल रहे। कार्यक्रम में अतिरिक्त निगम आयुक्त यस जालुका, बादशाहपुर के एसडीएम संजीव सिंगला, सीटीएम सपना यादव, नायब तहसीलदार अरुणा चौहान आदि मौजूद रहे।