ब्लैकमेलिंग का एंगल आया है सामने
पुलिस के अनुसार अभिजीत सिंह की कुछ अश्लील फोटो दिव्या पाहुजा के पास थीं, जिन्हें लेकर वह अभिजीत को ब्लैकमेल करती थी। इस कारण अभिजीत ने उसकी हत्या की साजिश रची और होटल में ले जाकर उसे गोली मार दी। इसके बाद उसकी लाश का कार में डालकर ठिकाने लगा दी। हालांकि अब खबर आ रही है कि जिस कार में दिव्या का शव डाला गया था वो पंजाब के पटियाला में लावरिश हाल में मिली है। हालांकि अभी इसकी पुष्टि होना बाकी है।
अश्लील फोटो दिखाकर पैसे मांगती थी
आरोपी अभिजीत ने पूछताछ में बतलाया कि होटल सिटी प्वाइंट उसी का है, जिसे आरोपी ने लीज पर दे रखा है। दिव्या पाहुजा के पास आरोपी अभिजीत सिंह की कुछ अश्लील तस्वीरें थीं, जिन तस्वीरों के कारण दिव्या पाहुजा आरोपी अभिजीत को ब्लैकमेल करती थी। अभिजीत सिंह से खर्चे के लिए रुपये अक्सर लेती रहती थी ओर अब मोटी रकम ऐठना चाहती थी। दो जनवरी को होटल सिटी प्वाइंट में आरोपी अभिजीत सिंह, दिव्या पाहुजा के साथ पहुंचा और उसके फोन से अश्लील फोटो डिलीट करने चाहे, लेकिन दिव्या ने फोन का पासवर्ड नहीं बताया। इसी से नाराज होकर उसने दिव्या को गोली मार दी।
होटल स्टाफ के साथ कार में रखा शव
आरोपी अभिजीत ने बताया कि दिव्या पाहुजा की गोली मारकर हत्या करने के बाद उसने होटल में साफ-सफाई व रिसेप्शन का काम करने वाले हेमराज व ओम प्रकाश के साथ मिलकर उसके शव को अपनी बीएमडब्ल्यू कार में रखवाया। इस काम को करने के लिए आरोपी ने दोनों कर्मचारियों को लाखों रुपये देने का लालच दिया था। इसके बाद आरोपी अभिजीत ने अपने दो अन्य साथियों को बुलाया और शव को ठिकाने लगाने के लिए अपनी कार उनको दे दी। पुलिस अब आरोपी के उन दो साथियों की तलाश कर रही है, जोकि कार में शव रखकर उसे ठिकाने लगाने के लिए लेकर गए थे।
संदीप गाडौली की प्रेमिका थी दिव्या
बलदेव नगर की रहने वाली दिव्या पाहुजा छोटे मोटे मॉडलिंग के काम भी करती थी। गुरुग्राम के गांव गाड़ौली निवासी गैंगस्टर संदीप गाड़ौली की वह कथित गर्लफ्रेंड थी। संदीप गाड़ौली का गुरुग्राम पुलिस ने वर्ष 2016 में मुंबई में एनकाउंटर किया था। हालांकि इस एनकाउंटर को फर्जी बताते हुए दिव्या पाहुजा और संदीप गाड़ौली की मां ने गुरुग्राम पुलिस के पांच कर्मचारियों के खिलाफ संदीप की हत्या का केस दर्ज कराया था।