प्रदूषण को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। साइबर सिटी में पुराने और बिना वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र (पीयूसी) वाले वाहनों की पहचान करने के लिए पेट्रोल पंपों पर एएनपीआर (ऑटोमेटेड नंबर प्लेट रिकॉग्निशन) कैमरे लगाने की तैयारी की जा रही है। इससे प्रदूषण को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। कैमरे लगाने का उद्देश्य वाहनों की पहचान करके ईंधन देने पर रोक लगाना है।
परिवहन विभाग की ओर से गोदवरी एजेंसी को कैमरा लगाने का काम सौंपा गया है। जिला परिवहन विभाग के अनुसार, पहले चरण में 249 पंपों पर इसी माह में कैमरे लगाने का काम एजेंसी शुरू करेगी। इस कार्य के लिए परिवहन विभाग ने गोदावरी एजेंसी को कैमरे लगाने का कार्य दिया।
कैमरा लगाने वाली एजेंसी के अधिकारियों ने परिवहन विभाग से संपर्क किया है और पंपों की सूची मांगी है। विभाग की ओर से खाद्य आपूर्ति नियंत्रक विभाग से सभी पंपों की सूची देने को कहा गया है। जिससे एजेंसी कैमरे लगाने का काम शुरू कर सके। विभाग के अनुसार, पहले चरण में गुरुग्राम, सोनीपत, फरीदाबाद, और झज्जर में कुल 775 एएनपीआर कैमरे स्थापित किए जाएंगे, जिन पर लगभग 41 करोड़ 74 लाख रुपये खर्च होंगे। 30 सितंबर तक कैमरे लगाए जाने थे। टेंडर प्रक्रिया में देरी के कारण पंपों पर नहीं लग सके।
जिला परिवहन अधिकारी संजीव सिंगला ने बताया कि पहले चरण में पंपों पर एएनपीआर कैमरे लगाने का काम नबंवर से शुरू हो जाएगा। खाद्य आपूर्ति नियंत्रक विभाग से सभी पंपों की सूची मांगी है। सूची मिलने के बाद एजेंसी कैमरे लगाने का कार्य शुरू कर देगी।