गुरुग्राम। मिलेनियम सिटी के पेट्रोल पंपों पर रविवार से एएनपीआर कैमरे लगाने का कार्य शुरू हो गया है। इन कैमरों से वाहनों के प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसी) की ऑनलाइन जांच की जाएगी। यह पहल पुराने वाहनों पर निगरानी रखने और प्रदूषण कम करने के उद्देश्य से की जा रही है।
पहला कैमरा पुलिस आयुक्त कार्यालय के सामने स्थापित किया गया है। जिला परिवहन अधिकारी संजीव सिंगला ने बताया कि कुल 330 अत्याधुनिक कैमरे लगाए जाएंगे। रविवार को एक कैमरा लगाया गया, जबकि बाकी पंपों पर सोमवार से कैमरे लगाने का कार्य होगा। ये कैमरे वाहनों की नंबर प्लेट पढ़कर उनके ऑनलाइन रिकॉर्ड की जांच करेंगे। यह प्रणाली स्वचालित रूप से बताएगी कि किन वाहनों को ईंधन मिलेगा और किन्हें नहीं। बिना वैध पीयूसी के वाहन चलाने पर 10 हजार रुपये तक का भारी जुर्माना लगाया जा सकता है। यह कदम वाहनों के प्रदूषण स्तर की जांच में पारदर्शिता लाएगा। इसका मुख्य लक्ष्य वायु प्रदूषण को प्रभावी ढंग से नियंत्रित करना है। इस पहल से शहर में स्वच्छ हवा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। ब्यूरो