संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। नूंह अपराध शाखा टीम ने गोतस्करी के एक संगठित प्रयास को सफलतापूर्वक नाकाम कर दिया। शुक्रवार शाम करीब 4:20 बजे गांव मेवली के नजदीक टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की, जिसमें 5 गोवंशों को तस्करों के कब्जे से छुड़ाया गया और एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
नूंह पुलिस प्रवक्ता कृष्ण कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के अनुसार एक कैंटर में शकील निवासी मेवली, थाना आकेड़ा और एक अज्ञात व्यक्ति गोवंश भरकर हरियाणा से राजस्थान ले जाने की तैयारी में था। इस सूचना पर सीआईए नूंह से उप-निरीक्षक कमल अपने साथियों के साथ गांव बाई के बस अड्डे से होते हुए मेवली के नजदीक एक खाली खेत में पहुंचा, जहां एक कैंटर खड़ा मिला, जैसे ही टीम ने गाड़ी के पास पहुंचकर जांच शुरू की तो तीनों तस्कर भागने लगे। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया। आरोपी की पहचान छोटू कुमार निवासी बलहा थाना बेनीवाद जिला मुजफ्फरपुर बिहार था । बाकी दो आरोपी शकील और एक अज्ञात व्यक्ति खड़ी फसलों और गांव आबादी का फायदा उठाकर फरार हो गए। मौके पर जांच में कैंटर के अंदर तिरपाल से ढके हुए 4 गोवंश रस्सियों से बंधे मिले, जबकि कैंटर के नीचे भी एक बछिया रस्सी से बंधी हुई थी। मामले में आकेड़ा थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है।