संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने बुधवार को जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए सीटीएम की मार्फत अपनी मांगों के संबंध में उपायुक्त के नाम ज्ञापन सौंपा।
आंगनवाड़ी एसोसिएशन की जिला प्रधान एवं प्रदेश उपाध्यक्ष रीता धारीवाल, जिला उपप्रधान जमशीदा, झिरका ब्लॉक प्रधान संतोष, रवीना तावडू, सरोज यादव सहित सैकड़ों महिलाओं ने बताया कि आंगनवाडी वर्कर और हैल्पर की कई मांगों व समस्याओं के बारे में कई बार लिखा जा चुका है, लेकिन उनका कोई समाधान नहीं निकला। इस ज्ञापन के माध्यम से वे अपनी प्रमुख मांगों को रखकर समाधान की उम्मीद कर रही है। पोषण ट्रैकर पर काम कम होने के कारण सभी आंगनवाडी वर्कर व हैल्पर का मानदेय रोका हुआ है, जबकि 80 फीसदी कर्मचारी इसी पर निर्भर है और मानदेय रोके जाने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। इसलिए उनका जनवरी से जुलाई तक का मानदेय केंद्र सरकार द्वारा रोके जाने, 2018 से 2023 तक का ईंधन का पैसा, पोषण ट्रैकर में काम करने में समस्या, राशन ना बांटने देने, जून माह का मानदेय राज्य सरकार द्वारा रोके जाने, इंटरनेट का पैसा, जिन सेंटरों पर वर्कर और हैल्पर नहीं है दूसरे सेंटर से उन पर काम ना करवाने, राशन की सप्लाई प्रत्येक सेंटर पर करने, एक्सपायरी डेट का राशन सप्लाई ना करने, पोषण ट्रैकर पर काम करने के लिए विभाग की तरफ से सहायता मुहैया कराना उनकी प्रमुख मांगे है। हरियाणा बाल विकास एवं आंगनवाड़ी वर्कर्स यूनियन की महिला कर्मचारियों ने कहा कि उनकी मांगों को तुरंत पूरा किया जाए, ताकि वे निर्बाध रूप से बाल हित में कार्य कर सकें।